नादौन (हमीरपुर)। डिग्री कॉलेज नादौन में बुधवार को उस समय छात्र इधर-उधर भागने लगे जब थाना प्रभारी प्रवीण राणा की अगुवाई में पुलिस टीम ने बुधवार को कैंपस में बाहरी तत्वों की छानबीन अचानक आरंभ की। पुलिस ने सभी छात्रों के पहचान पत्रों का निरीक्षण किया और बाहरी तत्वों को उठाकर थाने ले जाया गया। पता चला है कि होली के दिन एक छात्रा को रंग लगाने के कारण छात्रों के दो गुटों में विवाद हुआ था। जिस कारण बुधवार को दोनों गुट एक बार फिर इसी बात को लेकर आमने-सामने आ गए और बहस करने लगे। माहौल खराब होते देखकर प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण राणा पूरी टीम सहित कॉलेज पहुंचे और उन्होंने तुरंत कार्रवाई आरंभ कर दी। पुलिस ने दोनों गुटों के कुछ छात्रों को भी उठाया और थाना ले गए। पुलिस ने थाना में बैठाए सभी छात्रों के परिजनों को भी थाना में बुला लिया। जिनके आग्रह व आश्वासन और बाहरी तत्वों की ओर से माफी मांगने के बाद ही उनके भविष्य को देखते हुए छोड़ा गया। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने बताया कि छात्रों के माता-पिता के आग्रह पर उन्हें छोड़ा गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि कॉलेज परिसर में यदि कोई भी बाहरी तत्व पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।