ग्राम पंचायत कड़साई के कलवाड़ा से बुधवार को लापता नायरा अभी तक नहीं मिली है। पुलिस ने जंगल में तलाश की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच का दायरा बढ़ा, अपहरण की आशंका जताई जा रही है।
ग्राम पंचायत कड़साई के गांव कलवाड़ा से बुधवार को लापता हुई नायरा अभी नहीं मिली है। सोमवार को पुलिस की टीम ने जंगल के क्षेत्र में नायरा की तलाश की, वहीं पुलिस ने कड़साई में लोगों के घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की। गांव कड़साई से भी एक रास्ता कलवाड़ा गांव की ओर जाता है। ऐसे में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया है। डीसी हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि जांच का दायरा बढ़ाकर सर्च ऑपरेशन को विस्तार भी दिया गया है।
विज्ञापन
परिजनों की पथराई आंखें अभी भी नायरा को खोज रही हैं। भले ही वह सर्च अभियान को लेकर संतुष्टि जता रहे हैं, लेकिन नायरा के न मिलने का दुख उन्हें भीतर ही भीतर कुरेद रहा है। नायरा के पिता रविंद्र के अनुसार दोनों बेटियां खेल रही थीं, छोटी बेटी तो घर आ गई, लेकिन बड़ी नायरा कहीं चली गई। हालांकि यह पहली बार नहीं है कि वह बिना बताए कहीं गई हो, लेकिन वापस न आना परिजनों को खटक रहा है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं किसी गिरोह ने उसे अगवा न कर लिया हो। हालांकि पुलिस ने गांव में घूम रहे दो फेरी वालों की पहचान कर उनसे पूछताछ भी की है, लेकिन उनसे भी कोई अहम सुराग नहीं मिला है। ग्रामीणों और पुलिस के अलावा आपदा व वन मित्र भी जंगल में बच्ची की तलाश कर रहे हैं। प्रतिदिन जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। वहीं एसपी हमीरपुर ने भी मौके का निरीक्षण कर जांच को और तेज करने के निर्देश दिए हैं।
नायरा की तलाश में बढ़ेगी टीम
उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि नायरा की तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ, आपदा मित्र व वन मित्र लगे हैं। अभी तक सुराग नहीं मिला है। अब टीम को और बढ़ाया जाएगा तथा जंगल में एक किलोमीटर क्षेत्र में तलाश की जाएगी। जंगल होने के कारण इसे और बेहतर तरीके से सर्च किया जाएगा, ताकि नायरा को ढूंढा जा सके।