हमीरपुर। जिले में अब आपको प्लास्टिक इधर-उधर फेंका हुआ नहीं मिलेगा। हर माह की 20 तारीख को स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। खास बात यह है कि इस अभियान में हर विभाग, हर पंचायत भाग लेगी। उच्च अधिकारियों से लेकर, अन्य कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि, युवा, महिला सभी भाग लेंगे। इस प्लास्टिक को इकट्ठा करके जिले के सभी छह ब्लॉकों में स्थापित किए गए प्लास्टिक वेस्ट यूनिट में भेजा जाएगा। जहां से इसे डिग्रेड करके सड़क निर्माण करने के लिए भेजा जाएगा। ऐसे में दो कार्य एक साथ हो जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों, शहर, बाजारों से प्लास्टिक भी खत्म हो जाएगा और सड़क निर्माण कार्य के लिए प्लास्टिक का भी इस्तेमाल हो जाएगा। इससे जिले में स्वच्छता बढ़ेगी। जिला उपायुक्त ने इसके लिए डीआरडीए के माध्यम से सभी पंचायतों को आदेश दे दिए हैं।
वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के लिए निर्धारित किए गए नियमों के लिए पंचायतों में मार्गदर्शिका भी होगी जो ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कूड़ा निष्पादन और अन्य नियमों के बारे में बताएगी। जो लोग इन नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ तहत कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में डीआरडीए अधिकारी अस्मिता ठाकुर ने कहा कि हर माह की 20 तारीख को स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और उसके तहत हर क्षेत्र से सिंगल यूज प्लास्टिक को इकट्ठा किया जाएगा और प्लास्टिक वेस्ट यूनिटों में भेजा जाएगा। जहां से उसे सड़क निर्माण कार्य में इस्तेमाल करने योग्य बनाया जाएगा।