अवाहदेवी (हमीरपुर)। एनएच-03 हमीरपुर-अवाहदेवी मार्ग सोमवार को समीरपुर के पास पिकअप ट्राले का एक्सल टूटने से ढाई घंटे तक बंद रहा। बीच सड़क में ट्राले के फंसने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। इससे सड़क पर बसों और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई यात्री तीन किलोमीटर तक पैदल चलकर अपने गंतव्यों की ओर रवाना हुए।
जानकारी के अनुसार सोमवार को दोपहर बाद करीब एक बजे पिकअप ट्राला सड़क के बीचों-बीच खराब हो गया। पिकअप ट्राले के पिछले टायर का एक्सल टूट गया। इससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। कई वाहन चालक ट्राले की मरम्मत का इंतजार करते रहे, जबकि कुछ ने वापस लौटने का निर्णय लिया। दोपहर तीन बजे मेकेनिक द्वारा ट्राले को ठीक करने के बाद मार्ग बहाल हुआ।
यात्री बसों में सवार दारा सिंह, सोहन लाल, गीता देवी, माया देवी, शीला देवी, अवंतिका शर्मा, तरुणदीप, संजय कुमार आदि का कहना है कि उन्हें समीरपुर स्कूल के पास बस से उतारा गया। अवाहदेवी तक तीन किलोमीटर पैदल चल कर पहुंचे हैं।
यह सड़क निर्माणाधीन एनएच-03 का हिस्सा है, जहां कई स्थानों पर खस्ताहाल सड़क और कीचड़ के कारण यात्रियों और वाहनों को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति और समय पर सुधार कार्य न होने से इस मार्ग पर सफर करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।