हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के फिजियोथेरेपी विभाग में मांसपेशियों के दर्द से पीड़ित मरीजों को दी जाने वाली शॉर्ट वेव डायथर्मी (एसडब्ल्यूडी) मशीन पिछले छह माह से खराब पड़ी है। इस कारण मरीजों को निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में करीब 15 वर्ष पूर्व स्थापित यह मशीन पिछले तीन वर्षों में चार बार खराब हो चुकी है। पहले तकनीशियन द्वारा इसे ठीक किया गया था, लेकिन अब इसके पुर्जे बदलने के बावजूद मशीन को दुरुस्त नहीं किया जा सका है।
मेडिकल कॉलेज में रोजाना 10 से 15 मरीज फिजियोथेरेपी के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें मांसपेशियों का दर्द, सूजन और जोड़ों की जकड़न से पीड़ित लोग शामिल हैं। मरीजों का कहना है कि छह महीने से मशीन खराब होने के बावजूद इसे ठीक नहीं किया गया, जिससे उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि मशीन को जल्द ठीक किया जाए या इसके स्थान पर नई मशीन स्थापित की जाए, ताकि उपचार सेवाएं प्रभावित न हों।
कोट :
फिजियोथेरेपी विभाग में मशीन खराब है। मशीन को ठीक नहीं करवाया जा सकता है। नई मशीन खरीदने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चुनावों के बाद संबंधित मशीन स्थापित कर दी जाएगी।
-डॉ. देशराज, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर