निरीक्षण के लिए भोरंज कॉलेज में पहुंची एचपीयू की टीम स्टाफ के साथ। संवाद।
हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय भोरंज में सत्र 2024-25 से हिंदी, अंग्रेजी और राजनीतिक शास्त्र की पीजी कक्षाएं आरंभ करने की कवायद तेज हो गई है। कॉलेज को पीजी कक्षाओं की संबद्धता प्रदान करने संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए सोमवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला द्वारा गठित समिति ने कॉलेज का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान टीम कॉलेज के प्रबंधों से संतुष्ट नजर आई है। ऐसे में पीजी कक्षाओं में प्रवेश शुरू होने से पूर्व संबद्धता को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस सत्र से संबद्धता प्राप्त होने से पीजी कक्षाओं की पढ़ाई महाविद्यालय में शुरू हो पाएगी। संबद्धता मिलने के बाद कक्षाओं की प्रवेश प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी। समिति में प्रो. वीर सिंह रांगड़ा, डॉ. जोगेंद्र सकलानी, डॉ. सुनीता, डॉ. डेजी वर्मा, डॉ. प्रमोद पटियाल शामिल रहे। महाविद्यालय निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. विजय ठाकुर सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
कंप्यूटर साइंस के प्रोफेसर के लिए 16 को होगा साक्षात्कार
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. विजय ठाकुर ने बताया कि महाविद्यालय में स्वयं वित्तपोषित कोर्स (बीसीए) में कंप्यूटर साइंस शुरू किया गया है। इसके प्रोफेसर पद पर नियुक्ति के लिए 16 जुलाई को साक्षात्कार (वाक इन इंटख्यू) रखा गया है, जिसमें पात्र उम्मीदवार भाग ले सकते हैं।