भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत बस्सी से तताहर सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ है, जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या पर क्षेत्रवासियों ने बुधवार को तहसीलदार भोरंज को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया है कि यदि शीघ्र सड़क का कार्य पूरा नहीं होता है तो लोग मजबूरन शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। तीन अक्तूबर को सुबह 11:00 से दोपहर 1:00 बजे तक भरेड़ी चौक पर चक्का जाम करने का ऐलान किया गया है। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से विरोध प्रदर्शन की अनुमति प्रदान की मांग रखी।
ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार आग्रह के बाद भी अब तक सड़क का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। सड़क निर्माण में हो रही देरी से भरेड़ी, बस्सी और चंदरूही जैसे मुख्य बाजारों के व्यापारियों व आम जनता को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर सड़क का कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर पपलाह पंचायत के प्रधान अंकुश सैणी, गरसाहड़ के उपप्रधान विकास शर्मा, भुक्कड़ के प्रधान किशोर चंद, धिरड़ के प्रधान सुरेंद्र कुमार, अमरोह के उपप्रधान योगराज, धमरोल की प्रधान वीना देवी और कक्कड़ के प्रधान विनोद कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।