हमीरपुर। करुणामूलक संघ की बैठक रविवार को उपाध्यक्ष अजय कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें कहा गया कि करुणामूलक नौकरियों को लेकर प्रदेश सरकार अभी तक कोई भी अंतिम फैसला नहीं ले पाई है। जिस से परेशान होकर संघ ने पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला लिया है। इस बैठक में मीडिया प्रभारी रजनीश, राहुल, शेखर, रजत, अरविंद, अरुण, संजय, डिंपल, देवराज आदि मौजूद रहे। अजय ने कहा कि सरकार आश्रितों को करुणामूलक नौकरियों पर तीन साल से विचार ही करती आ रही है। जब भी सरकार के मंत्रियों व विधायकों से मिलते हैं, वह कहते हैं कि विचार चल रहा है।
सरकार के इसी रुख के कारण अब संघ आने वाले पंचायत चुनाव व उसके बाद विधानसभा के चुनाव का भी बहिष्कार करेंगे। करुणामूलक आधार पर नौकरी देने के मामलों पर अभी सरकार कोई अंतिम फैसला नहीं ले पाई है जबकि, सरकार के पास विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों में 4500 से ज्यादा ऐसे मामले हैं। प्रभावित परिवार करीब 15 साल से नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। संघ ने कहा कि अगर सरकार कोई जल्द फैसला नहीं लेती है तो आने वाले पंचायत चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।