मिनी सचिवालय के समीप फुटपाथ के उपर खड़ी एक कार।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर में कुछ लोग फुटपाथ पर वाहन खड़ा कर रहे हैं। इससे फुटपाथ को नुकसान पहुंच रहा है। कुछ समय पूर्व ही नादौन चौक से लेकर मृदुल पार्क तक फुटपाथ का निर्माण किया गया है। डांग क्वाली से हीरानगर और डिग्री कॉलेज अणु तक भी फुटपाथ बनाया गया है। जिला प्रशासन ने इस फुटपाथ के निर्माण पर करीब 20 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की है।
मार्च माह में ही फुटपाथ का कार्य पूरा हुआ है। लेकिन फुटपाथ के उपर गाड़ियों को चढ़ाया जा रहा है। नादौन चौक पर कई जगह फुटपाथ पर बिछाई टाइलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जिला प्रशासन ने जब इस फुटपाथ का निर्माण करवाया था तो आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से फुटपाथ की देखरेख के लिए सहयोग की बात कही थी। लेकिन सहयोग की बजाय लोग फुटपाथ पर अपने वाहन खड़े कर रहे हैं। उधर, इस बारे में एसडीएम हमीरपुर डॉ. चिरंजी लाल चौहान ने कहा कि यह फुटपाथ लोगों की सुविधा के लिए बनाया है। फुटपाथ पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस को निर्देश दिए जाएंगे।