हमीरपुर। कृषि विभाग के पास रबी सीजन में बिजाई की जाने वाली विभिन्न फसलों के बीज पहुंचना शुरू हो गए हैं। कृषि प्रौद्योगिकी सूचना एवं वितरण केंद्रों के माध्यम से किसानों को बीज उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। फिलहाल मटर, मूली और पालक के बीज उपलब्ध हैं।
मूली के बीज की वास्तविक कीमत 1280 रुपये प्रति किलो है, जिस पर 50 फीसदी सब्सिडी के बाद किसानों को यह 640 रुपये प्रति किलो मिलेगा। पालक का बीज 100 रुपये प्रति किलो निर्धारित है, जो सब्सिडी के बाद 50 रुपये प्रति किलो मिलेगा।
वहीं, मटर का बीज बिना सब्सिडी के 110 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध करवाया जा रहा है।
बॉक्स
अभी शलगम, गेहूं और बरसीम का इंतजार
कृषि विभाग में अभी सभी फसलों के बीज की सप्लाई नहीं पहुंची है। शलगम, गेहूं, बरसीम सहित अन्य फसलों के बीज आना बाकी हैं। कृषि विभाग के अनुसार इन बीजों की सप्लाई भी जल्द पहुंचने की उम्मीद है। उपलब्ध होते ही किसानों को वितरण केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध करवाया जाएगा।
बॉक्स
किसान आईडी बनाने के लिए किया जागरूक
बीज लेने पहुंचे किसानों को किसान आईडी बनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। एग्रीस्टैक परियोजना के तहत किसानों की आईडी बनाई जा रही है। सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार हो रही है। भविष्य में किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदानों, डीबीटी लाभ, फसल बीमा, कृषि सहायता और अन्य सभी सेवाओं का लाभ शीघ्रता के साथ प्रदान किया जा सकेगा।
कोट
कृषि विभाग के माध्यम से बीज वितरण का उद्देश्य किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध करवाना है। सब्सिडी वाले बीजों में किसानों को वास्तविक कीमत और अनुदान के बाद की कीमत के अंतर का सीधा लाभ मिलता है।
-डीडी शर्मा, उपनिदेशक, कृषि विभाग हमीरपुर