उपमंडल बड़सर के बिझड़ी में किसी ने खुले में प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम की दालें फेंक दीं। फेंकी गई खाद्य सामग्री गोदामों में रखी ही एक्सापयर हो गई। प्रदेश भर में एक ओर सरकारी उचित मूल्य की दुकानों पर पीडीएस के तहत खाद्य वस्तुएं नहीं मिल रहीं, दूसरी ओर बिझड़ी में सरकारी राशन को खुले में फेंक कर खाद्य सामग्री की बेकद्री की जा रही है।
इससे नागरिक आपूर्ति निगम और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। खाद्य सामग्री लोगों में बांटने के बजाय जंगलों में फेंकने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी सहकारी सभा के संचालकों की लापरवाही सामने आई है।
बीते साल ही उपमंडल नादौन की झलाण सहकारी सभा में सरकारी राशन का गोलमाल सामने आया था। इसमें पुलिस और खाद्य नियंत्रक विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की थी। इसके बावजूद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सरकारी राशन के गड़बड़ी रोकने में नाकाम रही है।
बिझड़ी में सिविल सप्लाई के तहत उपदान पर दी जाने वाली दालों को फेंकने की कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर ऐसा है तो मामले की जांच की जाएगी। जांच के लिए सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- प्रताप सिंह, जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी, हमीरपुर