नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन के अंतर्गत उपभोक्ताओं को 31 मार्च तक गृहकर अदा करने में 10 फीसदी छूट मिलेगी। निर्धारित तिथि के बाद गृहकर अदा न करने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस जारी होंगे। नगर पंचायत नादौन के सचिव हर्षित शर्मा ने कहा कि गृहकर अदा करने के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं जिससे बिना किसी समस्या के समय रहते लोग अपना गृह कर अदा कर सकें। उन्होंने कहा कि आगामी 31 मार्च से पूर्व गृह कर अदा करने वालों के लिए गृह कर में 10 फीसदी की विशेष छूट का प्रावधान किया गया है जबकि 31 मार्च के बाद गृह कर अदा करने वालों को किसी भी तरह की कोई छूट नहीं दी जाएगी। शर्मा ने कहा कि जिन लोगों का अभी तक भी गृहकर बकाया बचा है, उन पर कार्रवाई करने की भी तैयारी की गई है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे किसी भी समस्या या परेशानी से बचने के लिए 31 मार्च से पहले अपना गृह कर अदा करके नगर पंचायत की ओर से दी जा रही विशेष छूट का लाभ उठाएं।