गलोड़ (हमीरपुर)। कश्मीर तुनी सड़क पर एक साल पहले बिछाई गईं पेवर टाइलें उखड़ने से गाड़ी चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक साल में ही पेवर टाइलें उखड़ने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। जहां पर ये टाइलें उखड़ गई हैं वहां पर तीखा मोड़ और गहरा नाला भी है। ऐसे में यहां पर दुर्घटना का अंदेशा बढ़ गया है।
प्रतिदिन स्कूली बसें छात्रों को लेकर इस मार्ग से आवाजाही करती हैं। कई बार सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए स्कूल बस चालक छात्रों को पीछे ही उतार देते हैं और बस को पेवर टाइलों का रास्ता खत्म होने पर आगे खड़ी करके दोबारा बस में चढ़ाते हैं ताकि कोई अनहोनी न घटित हो जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन यहां वाहन चालकों को समस्या आ रही है। साथ में गहरा नाला भी है। यदि समय रहते लोक निर्माण विभाग नहीं जागा तो कभी भी यहां बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों सेनानिवृत्त प्रधानाचार्य ध्रुव सिंह राणा, सुनील कुमार, विजय कुमार, पूनम देवी, कल्पना कुमार, कुलदीप सिंह ने लोक निर्माण विभाग से शीघ्र सड़क की सुध लेने की विभाग से मांग की है। इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता धनेटा सुरेश कौंडल ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आया है। शीघ्र ही इस सड़क की मरम्मत करवाई जाएगी।