बिझड़ी(हमीरपुर)। वर्षों बाद भी समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिझड़ी में बिजली की समस्या का हल नहीं हो पाया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली जाने पर मरीजों के साथ कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेस्ट के साथ फ्रीज में रखी जाने वाली दवाइयां भी खराब हो रही हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिझड़ी को स्वास्थ्य विभाग की ओर से वर्ष 2017 में स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा दिया गया था, ताकि मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा सकें, लेकिन आठ वर्ष के कार्यकाल में न तो स्वास्थ्य केंद्र को निजी भवन मिल पाया है और न ही जनरेटर की मलूभूत सुविधा मिली है, जिसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
52 पंचायतों के केंद्र में स्थित स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन 200 के करीब ओपीडी है। यहां पर सैकड़ों लोग स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन कुछेक समय बिजली कट के चलते लोगों को जांच में रुकावट व देरी होती है। बिजली बैकअप की सुविधा न होने से स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी बिजली आने का इंजतार करना पड़ता है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
कोट
मामला ध्यान में है। स्वास्थ्य केंद्र में जनरेटर लगाने के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया जाएगा ताकि समस्या का समाधान किया जा सके।
-डॉ. प्रवीण चौधरी, सीएमओ, हमीरपुर