गैस सिलिंडर न मिलने पर नोहली पुल पर जाम खुलवाने पहुंचे पुलिस कर्मी लोगों से बातचीत करते हुए। स्
सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर उपमंडल में बुकिंग करवाने के बाद भी गैस सिलिंडर न मिलने पर बुधवार को लोगों के सब्र का बांध टूट गया। लोगों ने गैस सिलिंडर न मिलने के विरोध में नोहली पुल के पास सुजानपुर-हमीरपुर सड़क पर एक घंटे तक चक्का जाम रखा।
इस दौरान सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। मौक पर पुलिस भी पहुंची और काफी समझाने के बाद लोग शांत हो पाए। करीब एक घंटे बाद जाम को खुलवाया गया। बुधवार को करीब लगभग 11:30 बजे लोग गैंस एजेंसी के समीप इकट्ठा हुए। इस दौरान लोगों की भीड़ सड़क तक पहुंच गई और गुस्साए लोगों ने चक्का जाम कर दिया।
लोगों ने गैस एजेंसी संचालक पर अनदेखी का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी का वाहन सिलिंडर लेकर उसी सड़क से गुजरता है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है। बुकिंग के दो माह बाद भी उन्हें घरेलू सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। लोग सिविल सप्लाई सुजानपुर की गैस एजेंसी से कुछ दूरी पर ही नोहली पुल के पास एकत्रित हुए थे, ताकि समस्या का समाधान हो सके।
कोट
घरेलू गैस सिलेंडरों को लेकर नियम अनुसार सप्लाई दी जा रही है। कोई भी दिक्कत न आए, उसके लिए विभाग मुस्तैदी से कार्य कर रहा है।
-शिवराम राही, जिला नियंत्रक, खाद्य आपूर्ति मामले विभाग हमीरपुर