लदरौर (हमीरपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के पठानकोट डिपो की बस सेवा लंबे समय से बंद रहने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह बस पठानकोट से त्रिफालघाट वाया टाउन भराड़ी, बलोखर, पट्टा, लदरौर होते हुए भोटा तक संचालित होती थी और क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन थी। सुबह करीब 6:40 बजे पट्टा से भोटा और हमीरपुर के लिए और दोपहर लगभग 2 बजे भोटा से पठानकोट के लिए यह बस सेवा चलती थी, जिस पर बड़ी संख्या में यात्री निर्भर थे।
स्थानीय निवासियों में गिरधारी लाल, चमन लाल, सुरेश कुमार, सीमा देवी, अनु, अनिता देवी और संतोष कुमारी ने बताया कि बस सेवा बंद होने से आम लोगों, विशेषकर मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब लोगों को टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उनका अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है और समय भी अधिक लग रहा है।
इस संबंध में लोगों ने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि इस रूट पर बस सेवा को शीघ्र बहाल किया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।