संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। नादौन बस अड्डा के नजदीक करीब 500 मीटर क्षेत्र में लोगों को गड्ढों से राहत देने के लिए करीब दस दिन पहले किया गया पैचवर्क एक ही बारिश में उखड़ गया है। इससे लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पैचवर्क ही कुछ दिनों में टिक नहीं पा रहा, तो सड़क की टारिंग कितने दिन चलेगी। वहीं, विभागीय अधिकारियों का तर्क है कि एक स्थानीय दुकानदारों की ओर से सड़क पर पानी फेंके जाने के कारण पैचवर्क खराब हुआ है।
जानकारी के अनुसार, नादौन बस स्टैंड के साथ लगते हाईवे पर लोक निर्माण विभाग ने करीब 10 दिन पहले पैचवर्क किया था, लेकिन पिछले दो दिनों की बारिश में यह पूरी तरह उखड़ गया। लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के ज्वालाजी कार्यक्रम को देखते हुए जल्दबाजी में यह कार्य किया गया था, जो अब बारिश की भेंट चढ़ गया है।
पैचवर्क उखड़ने से सड़क पर फैली बजरी हादसों को भी न्योता दे रही है। स्थानीय वाहन चालकों और राहगीरों ने विभाग से मांग की है कि सड़क को मानकों के अनुसार स्थायी रूप से ठीक किया जाए, ताकि समस्या बार-बार न दोहराई जाए।
वहीं, लोक निर्माण विभाग नादौन के अधिशासी अभियंता राजेंद्र जुबलानी ने बताया कि मामले की जांच की गई है और सड़क पर पानी फेंकने को लेकर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
नादौन बस अड्डा के नजदीक पैच वर्क उखड़ने से बना गड्ढा। संवाद- फोटो : 1