बस स्टैंड में पूछताछ केंद्र से कर्मचारी अकसर रहता है नदारद
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने समस्या के स्थायी समाधान की उठाई मांग
बस स्टैंड में पड़े गढ्डे, हर तरफ कचरे के ढेर लगने से परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। तीन जिलों बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी के संगम स्थल जाहू बस अड्डा में अव्यवस्था यात्रियों पर भारी पड़ रही है। तीन जिलों का संगम स्थल होने के कारण यहां बसों की संख्या अधिक रहती है। बस स्टैंड में बसों के लिए सुनियोजित काउंटर नहीं है। इससे यहां पर आए दिन जाम लगा रहता है। बसों की संख्या के लिहाज से हमीरपुर बस अड्डे के बाद यह जिले का दूसरा सबसे व्यस्त बस अड्डा है। यहां प्रतिदिन 300 से अधिक सरकारी एवं निजी बसों का आवागमन होता है।
बस अड्डे में बस रूट समयसारिणी बोर्ड भी नहीं लगाया है। पूछताछ केंद्र पर भी कर्मचारी अधिकतर समय नदारद ही रहता है। ऐसे में बस रूट के समय की सही जानकारी यात्रियों को नहीं मिल पाती है। छह माह पहले तक शौचालय के ऊपर छत भी नहीं थी। स्थानीय लोगों की लंबी मांग के बाद इसे दुरुस्त करवाया गया था। वर्तमान में हालात इतने बदतर हैं कि शौचालय में हाथ धोने के लिए पानी तक उपलब्ध नहीं है। यहां पीने के पानी के लिए एक कूलर की व्यवस्था की गई है जो कि खस्ताहाल है। बस स्टैंड पर एक पूछताछ एवं एडवांस बुकिंग काउंटर बनाया गया है लेकिन अकसर यहां पर तैनात कर्मचारी नदारद रहते है, जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों को मजबूरी में बाहर से अतिरिक्त शुल्क देकर बाहर साइबर कैफे से टिकट की एडवांस बुकिंग करवानी पड़ती है। बसों की समयसारिणी को लेकर भी लोग असमंजस की स्थिति रहती है। बस स्टैंड में बसों की समयसारिणी का एक बोर्ड लगाया गया था, जिसे वर्तमान में हटा लिया गया है। स्थानीय लोगों सुभाष, लकी, अंशुल, अजय, संजय ने कहा कि सीवरेज और नालियां न होने के कारण बरसात में यहां चारों तरफ गंदगी का आलम रहता है। सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण अक्सर यहां कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। नालियों मेंं हमेशा गंदगी जमा रहती है। बस अड्डे में गड्ढे पड़े हुए हैं और समयसारिणी बोर्ड तक नहीं है। निगम और प्रशासन इन समस्याओं का स्थायी समाधान करे।
कोट
एचआरटीसी डिपो हमीरपुर के डीडीएम राजकुमार पाठक ने कहा कि जल्द ही यहां पर बस रूट की समयसारिणी का बोर्ड लगाया जाएगा। इस बोर्ड को अपडेट किया जा रहा है। यहां पर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा ताकि यात्रियों को किसी तरह की कोई दिक्कत पेश न आए।