लदरौर (हमीरपुर)। बिलासपुर डिपो की पट्टा से धर्मशाला जाने वाली बस सेवा बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह बस सुबह करीब 8 बजे पट्टा से चलकर 8:55 बजे हमीरपुर पहुंचती थी और इसके बाद धर्मशाला के लिए रवाना होती थी।
इससे विद्यार्थियों, मरीजों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलती थी। बस सेवा बंद होने से हमीरपुर स्थित राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और टांडा मेडिकल कॉलेज जाने वाले मरीजों व तीमारदारों को भी परेशानी हो रही है।
यात्रियों में अनु, प्रकाश, दीपक, अरविंद, संदीप, कपिल आदि ने बताया कि काफी लोग इस बस सेवा पर निर्भर थे। उन्होंने एचआरटीसी निगम प्रबंधन से रूट पर बस सेवा दोबारा बहाल करने की मांग की है।
कोट
बस की सेवाएं अस्थाई रूप से बंद हैं। इसे दोबारा संचालित करने का प्रयास किया जा रहा है।
-विवेक लखनपाल, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी बिलासपुर डिपो