संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की शाम को साढ़े सात बजे के बाद लदरौर क्षेत्र के लिए बस सुविधा न होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि रात को हमीरपुर से लदरौर क्षेत्र के लिए बस सुविधा न होने के कारण टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है। जिससे चलते उन्हें अधिक पैसा खर्च करना पड़ रहा है। राहगीर संजय कुमार, दिनेश कुमार, राजेश कुमार, निर्मला देवी, पवन कुमार का कहना है कि रात को हमीरपुर से लदरौर क्षेत्र के लिए सात बजे तथा सवा सात बजे ही बस सुविधा उपलब्ध है।
इनमें हमीरपुर से जाहू जाने वाली बस हमीरपुर डिपो की है, जबकि सवा सात बजे चलने वाली बस रामपुर डिपो की है। इसमें कई बार रामपुर डिपो की बस नहीं मिल पाती है, तो लोगों को अन्य दूसरी बस सुविधा भी नहीं मिल पाती है। ऐसे में लोगों को टैक्सी का सहारा लेना पड़ता है, जिसके कारण आर्थिक बोझ पड़ता है।
लोगों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में बसों का इंतजार करना बहुत मुश्किल है। लोगों ने रात को आठ बजे हमीरपुर से लदरौर क्षेत्र के लिए बस सुविधा शुरू करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि हमीरपुर से लदरौर की दूरी करीब 30 किलोमीटर है तथा बस में किराया 77 रुपये बनता है, लेकिन टैक्सी के लिए 500 रुपये से एक हजार रुपये चुकता करने पड़ रहे हैं। लोगों ने हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के अधिकारियों से आग्रह किया कि रात को आठ बजे एक बस सुविधा लदरौर के लिए शुरू की जाए।