लदरौर (हमीरपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम के पठानकोट डिपो से शिमला रूट पर भेजी गई एक बस की खराब स्थिति को लेकर यात्रियों ने नाराजगी जताई है। बस का पिछला दरवाजा क्षतिग्रस्त होने से यात्रियों को केवल अगले दरवाजे का ही उपयोग करना पड़ा, जिससे समय भी अधिक लगा।
बस सुबह पठानकोट से शिमला के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों में अजय, सुनील सहित अन्य ने बताया कि लंबे रूट पर चलने वाली इस बस का पिछला दरवाजा सुरक्षित स्थिति में नहीं था और इसके कभी भी टूटने की आशंका बनी हुई थी।
यात्रियों ने यह भी बताया कि बस का अंदरूनी हिस्सा भी जर्जर हालत में था, जिससे पूरे सफर के दौरान उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा। आरोप है कि आवश्यक मरम्मत किए बिना ही बस को लंबी दूरी के रूट पर भेज दिया गया।
यात्रियों ने निगम प्रबंधन से मांग की है कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जर्जर वाहनों की पहले पूरी तरह मरम्मत की जाए, उसके बाद ही उन्हें रूट पर चलाया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके।