तलाई गांव में बनकत तैयार हुई वर्षा शालिका व पार्क। संवाद
जाहू (हमीरपुर)। ऊना-कलखर वाया अग्घार मुख्य सड़क पर जाहू पंचायत के तलाई गांव में करीब 14 लाख रुपये की लागत से पार्क और वर्षाशालिका का निर्माण पूरा हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने रंग-रोगन का काम भी पूरा कर लिया है और अब इन्हें उद्घाटन के लिए तैयार किया गया है।
जल्द ही ग्रामीणों और यात्रियों को इन सुविधाओं का लाभ मिलेगा। लोक निर्माण विभाग के भोरंज मंडल के जाहू अनुभाग के तहत बने पार्क में डंगे का निर्माण कर जमीन को समतल किया गया है। पास स्थित पीपल के पेड़ को सुरक्षित रखने के लिए उसके चारों ओर चबूतरा बनाया गया है।
पार्क की सुरक्षा के लिए लोहे के एंगल से घेराबंदी और प्रवेश के लिए मुख्य द्वार बनाया गया है। लोगों के बैठने के लिए छह सीमेंट की बेंच लगाई गई हैं। पार्क के निर्माण पर करीब नौ लाख रुपये खर्च हुए हैं।
पार्क के साथ करीब पांच लाख रुपये की लागत से वर्षाशालिका भी बनाई गई है। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को बारिश और धूप से बचने के लिए बैठने की सुविधा मिलेगी। पंचायत प्रधान चमन लाल काकू और ग्रामीणों ने विधायक सुरेश कुमार का आभार जताया है।
कोट
तलाई में पार्क और वर्षाशालिका का निर्माण पूरा हो चुका है। रंग-रोगन के बाद इन्हें उद्घाटन के लिए तैयार किया जा रहा है। जल्द ही लोगों को इन सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
-जयपाल नायक, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग भोरंज मंडल