बचत भवन की ऊपरी मंजिल पर महिलाओं ने लगाई है प्रदर्शनी, महिलाएं बच्चों के लिए कर रही उत्पादों की खरीदारी
बर्फी 400 रुपये किलो और रागी के लड्डू 200 रुपये प्रति किलो बिक रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हमीर ग्राम उत्सव और स्वाद महोत्सव में इस बार पपीते की बर्फी और रागी लड्डू लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। ग्राहक स्टालों पर आकर दोनों उत्पादों की डिमांड कर रहे है।
एक सप्ताह में महिलाओं ने पपीते की बर्फी से 10 हजार, जबकि रागी के लड्डू से आठ हजार रुपये की कमाई कर ली है। पपीते की बर्फी 400 रुपये किलो, रागी के लड्डू 200 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रहे हैं। खाने के साथ महिलाओं को सजावटी सामान के साथ करवाचौथ के शृंगार के सामान की बिक्री में भी अच्छी कमाई हो रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से स्वयं सहायता समूहों को बचत भवन की ऊपरी मंजिल पर प्रदर्शनी के लिए स्टाल प्रदान किए गए हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने स्टालों में पपीते की बर्फी, आटे से बनी सवेइयां, गेहूं का सीरा, रागी लड्डू, अरबी का साग, जायकेदार कढ़ी, मक्की की रोटी, चीड़ की पत्तियों से बनीं छोटी-छोटी सुंदर टोकरियां आदि सामान रखा है, ताकि लोगों को कम दामों पर गुणवत्तापूर्ण सामान प्रदान किया जा सके।
स्टाल में प्रदर्शनी लगाने वाली महिलाओं में अनीता चंदेल, मधु, डिंपल, राधिका, सुमन, प्रिया आदि ने कहा कि स्टालों के माध्यम से अच्छी आय हो रही है। इससे पूर्व उन्हें अपने उत्पादों को बेचने के लिए काफी परेशानी होती थी, लेकिन इस बार स्टाल मिलने से सामान बेचने के लिए उचित स्थान मिला है, जिससे त्योहारी सीजन में अच्छी आय होने की उम्मीद है।
कोट
नवरात्र से लेकर दिवाली तक आयोजित किए जा रहे इस उत्सव के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने स्टाल लगाए हैं, जिनमें महिलाओं द्वारा तैयार किए गए कई पारंपरिक उत्पाद सभी को आकर्षित कर रहे हैं।
-अस्मिता ठाकुर, परियोजना अधिकारी, डीआरडीए
पपीते की बर्फी। संवाद
पपीते की बर्फी। संवाद