पंजारड की शगुन जसवाल ने पंजाब ओपन वेटलिफ्टिंग में जीता स्वर्ण पदक
सलौणी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के सलौणी क्षेत्र के पंजारड गांव की शगुन जसवाल ने पंजाब ओपन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 110 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता है। शगुन की इस उपलब्धि से सलौणी सहित जिले में खुशी की लहर है। शगुन जालंधर में केएमवी महाविद्यालय में एमएससी की छात्रा हैं। शगुन के पिता डेनी जसवाल बड़सर कांग्रेस नेता और प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य हैं जबकि माता सुमन जसवाल गृहिणी हैं। शगुन के पिता डेनी जसवाल भी कॉलेज के समय खिलाड़ी रहे हैं। शगुन ने अपने पिता की राह पर चलते हुए ही यह मुकाम हासिल किया है। शगुन ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिजनों को दिया है। इस उपलब्धि के लिए छात्रा के दादा देशराज, चाचा गोल्डी सहित स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है।