टौणी देवी (हमीरपुर)। पंचायत चुनाव की प्रचार सामग्री की छपाई से प्रिंटिंग प्रेस कारोबार को रफ्तार मिली है। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी मतदाताओं तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए पोस्टर, बैनर, पंफ्लेट और स्टिकर की छपाई करवा रहे हैं।
हमीरपुर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में संचालित प्रिंटिंग प्रेस में 15 मई के बाद छपाई का काम शुरू हुआ, जो अब समाप्ति की ओर है। इस दौरान कई दुकानों में सुबह से देर रात तक काम चलता रहा, जबकि कुछ स्थानों पर कर्मचारियों ने रात 12 बजे तक प्रचार सामग्री की छपाई की।
प्रिंटिंग प्रेस संचालकों के अनुसार पंचायत चुनाव के चलते पिछले कुछ दिनों में ऑर्डर में काफी बढ़ोतरी हुई है। प्रत्याशियों ने अपने प्रचार को आकर्षक बनाने के लिए रंगीन पोस्टर और बड़े फ्लेक्स बैनर तैयार करवाए हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्रचार के लिए डिजिटल डिजाइनिंग की मांग भी बढ़ी है।
व्यवसायियों का कहना है कि चुनावी सीजन उनके कारोबार के लिए राहत लेकर आया है। सामान्य दिनों की तुलना में इन दिनों काम कई गुना बढ़ गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों को भी अतिरिक्त रोजगार मिल रहा है।
चुनाव प्रचार के लिए सोशल मीडिया बना हथियार
पंचायत चुनाव में इस बार प्रचार का तरीका बदला है। पारंपरिक जनसंपर्क के साथ-साथ प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया को भी हथियार बनाया। प्रत्याशियों ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से आकर्षक पोस्टर और प्रचार सामग्री तैयार की है। स्थानीय मुद्दों को भी रचनात्मक ढंग से दिखाया जा रहा है। जहां पहले प्रचार सीमित संसाधनों तक ही सिमटा रहता था, वहीं अब स्मार्टफोन और इंटरनेट की पहुंच ने हर उम्मीदवार को डिजिटल मंच दे दिया है।
कोट
प्रचार सामग्री के लिए एडवांस में बुकिंग हुई थी। अब काम लगभग समाप्त होने की कगार पर है। ब्लैक एंड व्हाइट की अपेक्षा रंगीन पोस्टर का अधिक रुझान रहा।
-राजेश कुमार, प्रिटिंग प्रेस संचालक भरेड़ी
पहले काम मंदा था। अब पंचायत चुनावों के चलते प्रचार सामग्री की छपाई से कारोबार अच्छा हुआ है। कई बार तो रात 12 बजे तक काम करना पड़ा।
-हरवंश, प्रिटिंग प्रेस संचालक टौणी देवी
हरवंश, प्रिटिंग प्रेस संचालक टौणी देवी- फोटो : कटरा पीएचसी में मरीजों का इलाज करती चिकित्सक।