नादौन (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र नादौन में आयोजित निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में 10 विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। निबंध लेखन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भूंपल की पलक ठाकुर और प्रश्नोत्तरी में रैल के आशीष ने पहला स्थान हासिल किया।
विज्ञापन
निर्वाचन विभाग ने वीरवार को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के मतदाता साक्षरता क्लबों के सहयोग से ये प्रतियोगिताएं आयोजित कीं। इनमें क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में रैल की अनन्या ने दूसरा और कन्या स्कूल नादौन की खुशी ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बदारन की आयुषी दूसरे और नादौन स्कूल के अक्षय कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
विज्ञापन
एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी निशांत शर्मा ने दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि चयनित विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में नादौन विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।