टौणी देवी(हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में शुक्रवार को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के लिए गतिविधियों का आयोजन हुआ।
इन कार्यक्रमों में एक भारत श्रेष्ठ भारत क्लब, मयूर ईको क्लब, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों और स्काउट-गाइड इकाई के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए विषय पर नारा लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।
पेंटिंग प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में नक्श प्रथम, पायल द्वितीय और पलक तृतीय रहे। वहीं, सीनियर वर्ग में अंशिका प्रथम, शगुन चौहान द्वितीय और शगुन पठानिया तृतीय रहे। नारा लेखन प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में साक्षी प्रथम, अक्षिता द्वितीय और पलक तृतीय तथा सीनियर वर्ग में गरिमा प्रथम, भावना द्वितीय, कनिका तृतीय स्थान पर रहे।
विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, वृक्षारोपण, स्वच्छता, जैव विविधता व जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर चित्र और नारों के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए पोस्टर और जागरूकता से नारे प्रस्तुत किए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, नशा मुक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश को समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।