मैहरे (हमीरपुर)। आशियाने को सुंदर बनाने का सपना अब लोगों की जेब पर भारी पड़ने लगा है। पेंट और अन्य निर्माण सामग्री के दामों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे घरों की रंगाई-पुताई और इंटीरियर कार्य करवाने वाले लोग परेशान हैं।
बाजार में पेंट, प्राइमर, पुट्टी, ब्रश, रोलर और अन्य हार्डवेयर सामग्री के दामों में वृद्धि हुई है। 20 लीटर पेंट की बाल्टी पर 15 से 20 प्रतिशत तक दाम बढ़ने से करीब 300 से 500 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
वहीं, तारपीन के दाम में भी करीब 35 रुपये तक की वृद्धि हुई है। पहले जो बोतल 130 रुपये में मिलती थी, अब वह लगभग 170 रुपये में मिल रही है। हालांकि पेंट की एमआरपी में बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन लैंडिंग रेट बढ़ने से बाजार में कीमतें बढ़ गई हैं।
ब्रश और अन्य छोटे सामान पर भी 5 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इससे रंगाई-पुताई करवाने वाले ग्राहकों का बजट बिगड़ गया है। शादी या अन्य शुभ कार्यों से पहले घर पर रंग-रोगन करवाने की योजना बनाने वाले लोगों को अब अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। पहले जो काम 15 से 20 हजार रुपये में हो जाता था, अब उसी पर 25 से 30 हजार रुपये तक खर्च आने लगा है।
-
पेंट के दामों में बढ़ोतरी हुई है। एक बाल्टी पर 300 से 500 रुपये तक बढ़ोतरी हुई है। हालांकि एमआरपी में बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन लैंडिंग रेट में बढ़ोतरी हुई है।
-अनिल कुमार, दुकानदार सलौणी
पेंट के साथ साथ रंग-रोगन में प्रयोग होने वाली सामग्री के दाम में भी वृद्धि हुई है। ब्रश आदि पर पांच से दस रुपये और तारपीन पर 35 से 40 रुपये की वृद्धि हुई है। रंगों के दाम में 20 फीसदी वृद्धि हुई है।
-नितिन शर्मा, दुकानदार सलौणी
कमरों में रंग करने के लिए पेंट खरीदना था, लेकिन दुकान पर पता चला की दामों में वृद्धि हो गई है। इससे बजट पर असर पड़ा है। अब चार से पांच हजार रुपये अधिक खर्च आएगा।
-शिशु कुमार, ग्राहक
पेंट के दाम बढ़ने से बजट पर प्रभाव पड़ा है। पेंट करवाने के लिए अब जेब पर अधिक बोझ बढ़ेगा। महंगाई दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इस पर नियंत्रण करने के लिए सरकार को कदम उठाने चाहिएं।
-मनीष कुमार, ग्राहक
शिशु कुमार, ग्राहक
शिशु कुमार, ग्राहक
शिशु कुमार, ग्राहक