हमीरपुर। ग्राम पंचायत ऊखली के फाफण गांव में बुधवार को लावारिस कुत्तों के झुंड ने पशुपालक की बकरियों पर हमला कर दिया। कुत्तों ने एक बकरी को नोच-नोचकर मार डाला, जबकि एक बकरा भी घायल हो गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत है।
बताया जा रहा है कि कुत्तों का झुंड अचानक बकरियों पर टूट पड़ा। बकरियों के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो कुत्ते बकरे को काट रहे थे। लोगों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक बकरी की मौत हो चुकी थी।
घायल बकरे के उपचार के लिए पशु औषधालय से चिकित्सक को बुलाया गया। मृत बकरी को बाद में दफना दिया गया। पशुपालक माया देवी ने बताया कि बकरी की मौत से उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
उन्होंने पंचायत, पशुपालन विभाग और प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है। ग्रामीण केसरी देवी ने बताया कि कुछ दिनों से कुत्तों का झुंड गांव के आसपास घूम रहा है।
अब मवेशियों पर हमला होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लोगों को स्कूल आने-जाने वाले बच्चों पर भी कुत्तों के हमले का डर सता रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।