हमीरपुर। विभिन्न संगठनों के सदस्य अपनी मांगों को लेकर केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर से परिधि गृह हमीरपुर में मिले। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में आउटसोर्स पर तैनात नर्सों ने उन्हें नौकरी से निकालने पर रोष जताया और इसे लेकर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर को ज्ञापन सौंपा। इन नर्सों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और कॉलेज प्रबंधन ने कोरोना काल में उनकी भरपूर सेवाएं लीं। कोरोना काल में इन्हें छुट्टियां तक नहीं दी गईं, लेकिन जैसे ही कोरोना के मामले कम हुए तो विभाग ने इन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया। इस कारण उन्हें अब नौकरी के लाले पड़ गए हैं व परिवार का पालन पोषण मुश्किल हो गया है। कोरोना काल में सेवाओं के दौरान वे संक्रमित भी हुईं, परिवार की परवाह किए बिना दिन-रात डयूटी दी, लेकिन अब उन्हें नौकरी से निकाल दिया है। इन नर्सों ने मंत्री से उन्हें यहां स्थायी नौकरी दिलाने की मांग की है।
इनके अलावा हिमाचल प्रदेश प्राथमिक सहकारी सभाएं कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अनुराग को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि केंद्र सरकार की ओर से आयकर अधिनियम 1961 की धारा 194 ए में किए गए संशोधन को हटाया जाए। इसमें प्राथमिक सहकारी सभाओं को टीडीएस के दायरे में लाया गया है। वर्ष 2020 से पहले सभाओं के लिए टीडीएस न लिए जाने के प्रावधान को यथावत रखा जाए। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष सर्वजीत सिंह ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष जगत राम सहित अन्य मौजूद रहे।