हमीरपुर। जिले में लंपी स्किन डिजीज का प्रकोप थमता नजर आ रहा है। पशुपालन विभाग के अनुसार अब तक 126 मामले सामने आए हैं। इनमें से 106 पशु स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि आठ मामले सक्रिय हैं।
बीमारी से अब तक 12 पशुओं की मौत हो चुकी है। पशुओं को बीमारी से बचाने के लिए विभाग की ओर से टीकाकरण अभियान चलाया गया है। इसके तहत करीब 15 हजार पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। बीमारी की रोकथाम और संक्रमित पशुओं के उपचार के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पशुपालन विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक डॉ. सुजय शर्मा ने बताया कि अब लंपी के नए मामले सामने नहीं आ रहे हैं। हालांकि, सक्रिय मामलों को देखते हुए पशुपालकों को सतर्क रहने की जरूरत है। पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय से संपर्क करना चाहिए।