हमीरपुर। राष्ट्र स्तरीय होली महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के सफल संचालन के लिए बुधवार को यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम उप समिति की बैठक समिति के संयोजक एवं अतिरिक्त उपायुक्त रतन गौतम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें समिति के सरकारी और गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे। रतन गौतम ने कहा कि प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी राष्ट्र स्तरीय होली महोत्सव 7 मार्च से 10 मार्च तक सुजानपुर में आयोजित किया जा रहा है। होली महोत्सव के दौरान लोगों के मनोरंजन के लिए रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इन सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली व स्थानीय कलाकारों को प्रस्तुति के लिए समुचित मंच उपलब्ध करवाया जा रहा है।
इन सांस्कृतिक संध्याओं में कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले हमीरपुर जिले से संबंधित लोक गायकों व कलाकारों के ऑडिशन यहां बचत भवन में आयोजित किए गए, जिसमें लगभग 245 कलाकारों ने भाग लिया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त राज किशन भी उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में संजय शर्मा आकाशवाणी हमीरपुर, निक्कू राम जिला भाषा अधिकारी हमीरपुर तथा ईश्वरदास राणा सहायक लोक संपर्क अधिकारी हमीरपुर शामिल रहे। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति का प्रयास रहेगा कि इस उत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को उनकी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। इस अवसर पर गैर-सरकारी सदस्यों ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। बैठक में गैर-सरकारी सदस्य पुष्पा ठाकुर व सुमित ठाकुर, सहायक आयुक्त राज किशन, जिला भाषा संस्कृति अधिकारी निक्कूराम तथा जिला लोक संपर्क अधिकारी एवं सदस्य सचिव हेमंत कुमार उपस्थित रहे।