काले बिल्ले लगाकर बस अड्डा हमीरपुर पर प्रदर्शन करते एचआरटीसी परिचालक।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। वेतन विसंगतियों को लेकर एचआरटीसी के परिचालकों का प्रदर्शन जारी है। सोमवार को हमीरपुर डिपो के परिचालकों ने गेट मीटिंग कर काले बिल्ले लगाकर हमीरपुर बस अड्डा पर प्रदर्शन किया।
इस मौके पर परिचालक संघ ने कहा कि जितनी भी परिचालक भर्ती होती है तो उसमें परिचालकों के आवेदन वर्ग तीन के लिए मांगे जाते हैं। उनकी मांग है कि इन्हें क्लर्क के बराबर स्केल दिया जाए। एचआरटीसी परिचालक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि जब 30 जून को नारी को नमन कार्यक्रम था तो हरेक डिपो में परिचालकों ने मंत्रियों को वेतन विसंगतियों को लेकर ज्ञापन सौंपा था।
इसके अलावा भारतीय मजदूर संघ और परिचालक यूनियन ने मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन सौंपा है। कोरोना काल में लोगों को घर तक पहुंचाने में परिचालक वर्ग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें कोरोना योद्धा की उपाधि भी मिली, लेकिन यही कोरोना योद्धा नए वेतनमान से नाखुश हैं। संघ ने गुहार लगाई है कि परिचालकों की मांग को पूरा किया जाए।