जिला ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर के उम्मीदवारों के लिए सेना में खुली भर्ती जिला बिलासपुर के लुहणू मैदान में 3 से 5 नवंबर तक होगी। खुली भर्ती में सिपाही सामान्य ड्यूटी, सिपाही लिपिक/ स्टोर कीपर, सिपाही तकनीकी, सिपाही ट्रेडमैन, सिपाही, नर्सिंग असिस्टेंट और नर्सिंग असिस्टेंट (वेटरनरी) की भर्ती की जाएगी।
इसके अलावा बिलासपुर के लुहणू मैदान में सेना भर्ती कार्यालय मंडी 7 से 9 नवंबर तक डीएससी के लिए पंजीकृत हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, (जिला गुड़गांव मेवात, पलवल, फरीदाबाद को छोड़कर) यूटी चंडीगढ़ के उम्मीदवारों के अलावा भारतीय गोरखा जो समस्त हिमाचली मूल के हैं, उनकी सेना भर्ती रैली होगी।
सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल रोहित कुशवाहा ने बताया कि बिलासपुर सदर, घुमारवीं और सब तहसील नम्होल, तहसील झंडुता, श्रीनैना देवी (स्वारघाट) सब तहसील भराड़ी के उम्मीदवारों की भर्ती तीन नवंबर को होगी।
हमीरपुर की तहसील हमीरपुर, सुजानपुर टीहरा, बमसन, भोरंज, बड़सर, नादौन, उप तहसील बिझड़ी और गलोड़ के उम्मीदवारों की भर्ती चार नवंबर को होगी। ऊना की तहसील ऊना, अंब, जोल, घनारी, बंगाणा, हरोली और उप तहसील ईसपुर, उप तहसील भरवाईं के उम्मीदवारों की भर्ती पांच नवंबर को होगी।
3 से 5 नवंबर तक होने वाली भर्ती के लिए छह नवंबर को मेडिकल होंगे। उन्होंने इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वे अपना प्रवेश कार्ड ए-4 आकार की पेपर शीट पर डाउनलोड कर लें। प्रवेश कार्ड ब्लैक एंड व्हाइट होना चाहिए।
रंगीन प्रवेश कार्ड मान्य नहीं होगा। इसके अलावा प्रवेश पत्र को बिना फोल्ड किए अपने पास सुरक्षित रखें और भर्ती के समय प्रस्तुत करें।