टौणी देवी (हमीरपुर)। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के बाद अब टौणी देवी अस्पताल में भी मरीजों के लिए आभा एप से ऑनलाइन पर्ची बनाने की सुविधा शुरू हो गई है। नई व्यवस्था से मरीजों को पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतार में खड़े होने से राहत मिलेगी।
अस्पताल के पर्ची काउंटर पर प्रदर्शित क्यूआर कोड को आभा एप से स्कैन करते ही मरीज का टोकन नंबर जनरेट होगा। इसके बाद संबंधित काउंटर पर टोकन नंबर बताने पर पर्ची तैयार कर दी जाएगी। पर्ची मिलने के बाद मरीज चिकित्सक से परामर्श लेकर उपचार करवा सकेंगे।
अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जिन बुजुर्गों या अन्य मरीजों के पास स्मार्टफोन नहीं है, उन्हें पहले की तरह पर्ची बनाकर स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। आभा एप का इस्तेमाल अनिवार्य नहीं है।
टौणी देवी अस्पताल में रोजाना करीब 200 मरीजों की ओपीडी होती है। ऐसे में डिजिटल पर्ची व्यवस्था से काउंटर पर भीड़ और मरीजों के इंतजार का समय कम होने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अधिक से अधिक आभा एप का इस्तेमाल करने की अपील की है।
कोट
आभा एप के माध्यम से पर्ची बनाने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। इस सुविधा को लोगों के लिए और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
-डॉ. अभिनीत शर्मा, बीएमओ टौणी देवी