नादौन (हमीरपुर)। सिद्धार्थ राजकीय महाविद्यालय नादौन में पहली बार एनसीसी और एनएसएस में नामांकन के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया गया है। इसके साथ ही महाविद्यालय ने पेपरलेस प्रशासन की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी अब घर बैठे एनसीसी और एनएसएस में पंजीकरण कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य नामांकन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है। इससे प्रशासनिक कार्यों में दक्षता बढ़ेगी और कागज की खपत कम होने से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
पोर्टल का शुभारंभ शुक्रवार को कार्यकारी प्राचार्या प्रो. कल्पना चड्ढा की अध्यक्षता में किया गया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक को अपनाना समय की आवश्यकता है। ऑनलाइन नामांकन प्रणाली विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक होने के साथ महाविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों को भी अधिक प्रभावी बनाएगी।
उन्होंने विद्यार्थियों से एनसीसी और एनएसएस जैसी गतिविधियों से जुड़कर अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना विकसित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. नीतिका, प्रो. रविकांत गर्ग, डॉ. अमृत लाल शर्मा, डॉ. रजनी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नवीन शर्मा, प्रो. आदिका तथा एनसीसी के एएनओ कैप्टन यशपाल चोपड़ा उपस्थित रहे।