नादौन(हमीरपुर)। नगर परिषद नादौन के बीचोंबीच चौगला बाजार में एक प्रवासी की दुकान से सामान चुराकर भाग गया। इसके बाद उसके साथ आए दो अन्य प्रवासियों ने दुकानदार को चुराए सामान के पैसे चुकाकर अपनी जान छुड़ाई।
शहर के चौगला बाजार में स्थित एक इलेक्ट्राॅनिक की दुकान पर सोमवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे तीन प्रवासी आए। उस समय दुकानदार दुकान बंद करने के लिए सामान समेट रहे थे। इन प्रवासियों में से दो युवकों ने कुछ सामान लेकर उसकी पेमेंट कर दी, परंतु दुकानदार का ध्यान जब दूसरी ओर था, तो उनमें से तीसरे युवक ने दुकान से एक इलेक्ट्रिक चूल्हा, बल्व सहित कुछ अन्य सामान चुराया और मौका से भाग गया। जब दुकानदार को इसकी भनक लगी तो उन्होंने अन्य दोनों युवकों को पकड़कर वहीं बैठा लिया। इसी दौरान किसी ने पुलिस को भी मामले की सूचना दे दी, लेकिन पुलिस के मौका पर पहुंचने से पहले ही मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों युवकों ने चुराए सामान के पैसे दुकानदार को दे दिए।
इसके बाद दुकानदार ने भी पुलिस को आग्रह किया कि उनके सामान के पैसे मिल गए हैं और वह इस संबंध में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं। मामले में अब पुलिस अपने स्तर पर छानबीन कर रही है। नादौन पुलिस थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने कहा मामला दर्ज नहीं है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर छानबीन कर रही है।