उपमंडल नादौन के वार्ड छह में मृत मिला कौवा।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। उपमंडल नादौन के वार्ड छह में रविवार को एक भवन परिसर के निकट मृत कौवा मिलने से बर्ड फ्लू की आशंका को लेकर लोग चिंतित हो गए हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और नियम अनुसार मृत कौवे को दबाया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बृजमोहन सोनी के भवन परिसर के पास खेत में मृत कौवा मिला है। उन्होंने इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी डिप्टी रेंजर विकास दत्ता, अरविंद शर्मा व उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर एहतियात बरतते हुए इस कौवे को वहां से उठाया और नियमों का पालन करते हुए एक सुरक्षित स्थान पर दबा दिया गया।
इससे पूर्व भी इस स्थल के कुछ ही दूरी पर बाघ नाले में प्राथमिक स्कूल के पास दो कौवे मृत पाए गए थे, जिनके सैंपल बाद में बर्ड फ्लू पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद से ही बर्ड फ्लू को लेकर नादौन क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हालांकि, विभाग का कहना है कि यदि चिकन व अन्य मांसाहार अच्छी तरह पका कर खाया जाए तो इसमें कोई समस्या नहीं है। डिप्टी रेंजर डॉ. विकास दत्ता ने कहा कि विभाग की तरफ से क्षेत्र भर में पूरी तरह से नजर रखी जा रही है।