Coronavirus economic impact concept image
- फोटो : Feydzhet Shabanov - stock.adobe.
पट्टा/हमीरपुर। जिले में शुक्रवार को रैपिड एंटीजन टेस्ट में 8 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि, भोरंज उपमंडल के एक 56 वर्षीय व्यक्ति की मेडिकल कॉलेज नेरचौक में कोरोना से मौत हो गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि शुक्रवार को जिलेभर में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए कुल 104 सैंपल लिए गए। जिनमें से 8 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल भोरंज में 40 वर्षीय व्यक्ति और मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में 26 वर्षीय महिला पॉजिटिव पाई गई है।
इनके अलावा हिमुडा कालोनी सलासी का 18 वर्षीय युवक और 48 वर्षीय महिला, हमीरपुर के वार्ड नंबर 4 शिवनगर का 32 वर्षीय व्यक्ति, ईसीएचएस हमीरपुर का 54 वर्षीय व्यक्ति, बणी क्षेत्र के गांव मकटेरी का 47 वर्षीय व्यक्ति और बिलासपुर जिले की झंडूता तहसील के गांव ठारन शहतली का 31 वर्षीय व्यक्ति भी पॉजिटिव निकला है। वहीं, उपमंडल भोरंज के खरवाड़ क्षेत्र के व्यक्ति की मेडिकल कॉलेज नेरचौक में कोरोना से मौत हो गई है। व्यक्ति दर्जी का काम करता था। पिछले दिनों कोरोना जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। छह नवंबर को उसे गंभीर हालत में लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया था। जहां शुक्रवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे उसकी मौत हो गई है। व्यक्ति दर्जी की दुकान कर अपने परिवार का पोषण करता था। बीएमओ भोरंज डॉ. ललित कालिया ने कहा कि नेरचौक में 56 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना से मौत हुई है।