हमीरपुर। कोरोना से सुजानपुर उपमंडल के डोली गांव की 75 वर्षीय महिला की नेरचौक मेडिकल कॉलेज में मौत हुई है, जबकि दो शिक्षकों, लैब असिस्टेंट समेत 6 लोग पॉजिटिव आए हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चबूतरा के दो अध्यापकों समेत यहां तीन स्टाफ सदस्य पॉजिटिव पाए गए हैं। तीसरा स्कूल का ही लैबोरेटरी असिस्टेंट हैं। मंगलवार को इनके रैंडम सैंपल लिए गए। रैपिड एंटीजन टेस्ट में तीन स्टाफ सदस्य पॉजिटिव पाए गए हैं। तीनों स्टाफ सदस्य बीते सोमवार से शुरू नियमित क्लासों के दौरान स्कूल पहुंचे और स्टाफ के संपर्क में आए हैं। हालांकि, विभाग के अनुसार यह अध्यापक बच्चों के संपर्क में नहीं आए हैं, लेकिन स्टाफ के साथ इनका संपर्क हुआ है। इसके चलते स्कूल को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है और स्टाफ को संगरोध रहने के निर्देश दिए गए हैं। उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा दिलबरजीत चंद्र ने कहा कि स्कूल को तीन दिन के लिए बंद किया गया है। तीनों के प्राथमिक संपर्क में आए स्टाफ को संगरोध रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल को सैनिटाइज करवाया जा रहा है। रैपिड एंटीजन में तीनों अध्यापक पॉजिटिव पाए गए हैं। सीएमओ डॉ सोनी ने बताया कि मंगलवार को विभिन्न स्वास्थ्य खंडों में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए कुल 106 सैंपल लिए गए। 3 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सुजानपुर में कार्यरत महिला (45) सलौणी के गांव चकडाढ़ की महिला (56) शामिल है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर का व्यक्ति (68) भी पॉजिटिव आया है।