हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत मैड़ क्षेत्र में वीरवार रात को एक ट्राले की चपेट में आने से ठेकेदारी का काम करने वाले व्यक्ति की मौत हो गई। ट्राला व्यक्ति को टक्कर मारने के बाद कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। वहीं अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस वाहन को पकड़ने के लिए दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल सकती है।
जानकारी के अनुसार लेखराज (60) निवासी गांव हुलस, महारल लेंटर डालने के लिए मैड़ आया था। मकान में लेंटर डालते समय काफी रात हो गई। करीब दो बजे लेंटर डालने का कार्य पूरा हुआ और इसके बाद सामान को गाड़ी में रखने लगे। इसी दौरान ऊखली की तरफ से एक ट्राला तेज रफ्तार से आया तथा व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के साथ ही ट्राला इसे घसीटता हुआ ले गया। यह देखकर अन्य साथियों ने शोर मचाया, लेकिन ट्राला की रफ्तार इतनी ज्यादा थी की इसका नंबर नहीं पढ़ा जा सका। हालांकि लोगों ने एकत्रित होकर व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने कहा कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज एवं अस्पताल हमीरपुर भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।