हमीरपुर। राष्ट्रीय स्तर पर एथलेटिक्स में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद अब अनिल शर्मा ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर दे रहे हैं। सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को पढ़ाने के साथ वह सुबह-शाम खेल मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण देते हैं।
झनियारा निवासी अनिल शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चबूतरा में टीजीटी आर्ट्स के पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 2011 से वह युवाओं को एथलेटिक्स की बारीकियां सिखा रहे हैं।
अनिल शर्मा वर्ष 1998 से 2007 तक राष्ट्रीय स्तर के एथलीट रह चुके हैं। उन्होंने 100, 200 और 400 मीटर दौड़ की प्रतियोगिताओं में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भाग लिया। अप्रैल 2009 में उनकी शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरी लगी और पहली नियुक्ति राजकीय माध्यमिक पाठशाला अमनेड़ में हुई।
नौकरी मिलने के बाद भी खेलों के प्रति उनका जुड़ाव बना रहा और उन्होंने युवाओं को प्रशिक्षण देकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वर्ष 2011 में उन्होंने सिहोर बल्लाह में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देना शुरू किया। इसके बाद विभिन्न स्कूलों में भी युवाओं को तैयार किया।
वर्तमान में वह अणु खेल मैदान में सुबह 5 से 8:30 बजे और शाम 3:30 से 6:30 बजे तक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देते हैं। इस दौरान वह एथलेटिक्स की विभिन्न विधाओं, शारीरिक फिटनेस और प्रतियोगिताओं की तैयारी भी करवाते हैं।
स्कूल में सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक विद्यार्थियों को पढ़ाने के बाद अनिल शर्मा सीधे खेल मैदान पहुंच जाते हैं। उनका लक्ष्य खिलाड़ियों को सेना, पुलिस और राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। खास बात यह है कि वह युवाओं को यह प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क दे रहे हैं।
बाक्स:
30 खिलाड़ी सेना में, करीब 30 राष्ट्रीय स्तर पर दिखा चुके हैं प्रतिभा
अनिल शर्मा के प्रशिक्षण से अब तक 30 खिलाड़ी भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि करीब 30 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। उनका कहना है कि ग्रामीण और सामान्य परिवारों से आने वाले खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत केवल सही मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और उचित अवसर की है। उनका प्रयास है कि आर्थिक कारणों से किसी प्रतिभावान खिलाड़ी का खेल का सपना अधूरा न रहे। इसी उद्देश्य से वह वर्षों से निशुल्क प्रशिक्षण देकर खिलाड़ियों की प्रतिभा निखार रहे हैं। हाल ही में उनकी प्रशिक्षित खिलाड़ी ने राष्ट्र स्तर पर कांस्य पदक जीता है।