सुजानपुर शहर में नगर परिषद की टीम सबलेटिंग पर दुकानों का रिकॉर्ड खंगालते हुए। संवाद
सुजानपुर (हमीरपुर)। सबलेटिंग का मामला सामने आने के बाद दुकानों की जांच करने के लिए धरातल पर उतरी जांच कमेटी ने बुधवार को 17 दुकानों की जांच की। इस मौके पर टीम ने दुकानदार का लाइसेंस व अन्य रिकॉर्ड की जांच की।
इस दौरान एक व्यक्ति का लाइसेंस आवंटित दुकान के मालिक के नाम से भिन्न पाया गया है। हालांकि इसे लेकर टीम हर पहलू पर जांच कर रही है। मंगलवार से शुरू की गई जांच में अब तक टीम ने 38 दुकानों की जांच की है। हालांकि इस दौरान और अन्य कितने लोगों के दस्तावेज में अनियमितताएं हैं, इसका खुलासा नहीं किया है।
कमेटी का कहना है कि सबलेटिंग का मामला सामने आने के बाद टीम हर पहलू पर नजर रखे हुए है। जांच कमेटी में राजस्व विभाग, नगर परिषद तथा पुलिस विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं। टीम के सदस्य 50 दिन के भीतर इसकी रिपोर्ट सौंपेंगे।
नगर परिषद सुजानपुर के तहत 132 दुकानों को किराये पर दे रखा है। कई दुकानदारों ने दुकानों को किराये पर लेकर अंदर खाते दूसरे लोगों को दे रखा है। यह किरायेदार सबलेटिंग करके लाभ कमा रहे हैं, जबकि नगर परिषद को किराया वसूल करना मुश्किल हो गया है।
बुधवार को नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी रमन शर्मा, कनिष्ठ अभियंता तिलकराज, नगर परिषद के सफाई निरीक्षक आर्यन मिन्हास, निरीक्षक आर्यन, कुलदीप ठाकुर ने दुकानों में जाकर कार्रवाई शुरू की। नगर परिषद नादौन के सचिव रमन कुमार ने बताया कि दूसरे दिन 17 दुकानों का निरीक्षण किया गया है। मौके पर जो भी व्यक्ति दुकानदारी कर रहा था, उसका रिकॉर्ड तलब लिया गया है।