सुजानपुर (हमीरपुर)। सचिवालय परिसर सुजानपुर में आपदा प्रबंधन पर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विधायक सुजानपुर कैप्टन रणजीत सिंह ने की। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से आग्रह किया है कि प्राकृतिक आपदा प्रभावित परिवारों के लिए आगे आएं।
विधायक मुख्यमंत्री राहत कोष में एक लाख रुपये देंगे। अधिकारी कार्यालय में बैठने के साथ फील्ड में भी घूमें और धरातल पर लोगों की परेशानियों को जानें। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी कार्य की डीपीआर धरातल पर जाकर यथास्थिति को देखकर बनाई जाए। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन पानी के टैंकों के ढक्कन खुले हैं, उन पर ढक्कन लगाए जाएं। पानी की नियमित रूप से सप्लाई सुनिश्चित की जाए। पानी की नई स्कीमों को बनाने के लिए स्थान चिन्हित किए जाएं।
अवैध खनन पर नियमित रूप से कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि महीने की 15 तारीख को विभिन्न विभागीय अधिकारियों की बैठक होगी। प्रत्येक अधिकारी मासिक बैठक में भाग लें। इस मौके पर उपमंडल अधिकारी विकास शुक्ला, तहसीलदार प्रवीण ठाकुर, नगर परिषद अधिकारी रमन शर्मा, थाना प्रभारी राकेश धीमान, जल शक्ति विभाग के एसडीओ राजेश धीमान सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।