नादौन में पर्यटन विभाग के अधिकारी निरीक्षण करते हुए।
नादौन(हमीरपुर)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा नादौन शहर को दी गई सौगातों को धरातल पर उतारने के लिए पर्यटन विभाग सहित अन्य विभागों ने कवायद आरंभ कर दी गई है। सोमवार को जिला पर्यटन अधिकारी रवि धीमान सहित तहसीलदार नादौन अपूर्व शर्मा, विभाग के आर्किटेक्ट अतुल शर्मा और उनकी टीम ने चार प्रस्तावित स्थलों का दौरा किया।
जहां पर्यटन विभाग के होटल तथा एचआरटीसी के इलेक्ट्रिक डिपो का निर्माण होना है। टीम ने सबसे पहले स्थानीय उप डाकघर के निकट उस भूमि का दौरा किया जहां करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से टूरिस्ट सेंटर और भव्य होटल का निर्माण होना है। इसके बाद कोहला औद्योगिक क्षेत्र के निकट प्रस्तावित वेलनेस सेंटर तथा वाटर स्पोर्ट्स सेंटर के लिए भूमि का भी निरीक्षण किया। इसके बाद मानपुल गांव में बनने वाले इलेक्ट्रॉनिक डिपो के लिए भूमि का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद भवनों के निर्माण की रूपरेखा तय की जाएगी। इस संबंध में जिला पर्यटन अधिकारी रवि धीमान ने कहा कि भवन निर्माण की रूपरेखा तय करने के लिए यह संयुक्त निरीक्षण किया गया है ताकि इन भवनों का निर्माण करने के लिए प्रारूप तैयार किया जा सके।