नादौन में चोरी की घटनाओं की जांच करने पहुंचे डीएसपी रोहिन डोगरा।
नादौन(हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत गत दिवस एक साथ चार चोरी के मामले सामने आने पर सोमवार को पुलिस ने विभिन्न दुकानों की छानबीन की। सोमवार को डीएसपी रोहिन डोगरा ने नादौन का दौरा किया तथा छानबीन की। डोगरा ने नादौन पहुंचते ही विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया तथा शहर में लगे कई दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। पुलिस ने शक के आधार पर कुछ संदिग्धों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरे की जद में आए चोरी करने के आरोपियों की पहचान के लिए भी पुलिस टीम ने दिनभर कसरत की।
पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण संकेत भी मिले हैं। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच तेज कर दी है। डीएसपी रोहिन डोगरा ने कहा कि शहर में गश्त बढ़ाने के आदेश पुलिस कर्मियों को दे दिए गए हैं। वहीं वाहनों का निरीक्षण भी नियमित तौर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चोरी के दोनों मामलों में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है तथा इस संबंध में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।