बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में बारिश के बीच दर्शन करके आते श्रद्धालु। संवाद
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में हर वर्ष करोड़ों रुपये का चढ़ावा चढ़ने के बावजूद श्रद्धालु बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। भारी बारिश के दौरान मंदिर परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। हालात इतने बदतर हैं कि मंदिर परिसर की सीढ़ियां से नालियों की तरह पानी बहने लगता है। बावजूद इसके मंदिर न्यास हर बार केवल आश्वासन ही देता है।
पंजाब और अन्य राज्यों से आए श्रद्धालु जसप्रीत कौर, जसवंत, हैरी, वाणी, सुहानी, पूजा, रविकांत और अनूप ने बताया कि बरसात के पानी के निकासी के लिए मंदिर में अंडरग्राउंड नालियों का निर्माण किया गया है। मगर नालियां बंद हो चुकी हैं। बारिश का पानी सीढ़ियों से बहता हुआ दुकानों और मंदिर परिसर में घुस रहा है। इससे श्रद्धालुओं को न केवल आवाजाही में दिक्कत होती है, बल्कि दुकानदारों को भी नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यह समस्या हर साल बारिश के दौरान होती है। मंदिर न्यास को इसे हल करने के लिए कोई ठोस कदम उठाना चाहिए। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर में हर साल करोड़ों रुपये का चढ़ावा चढ़ता है, जिसका उपयोग मंदिर में विकास कार्यों के लिए होना चाहिए। मगर जब मूलभूत सुविधाओं का ही अभाव हो तो यह न्यास की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है। श्रद्धालुओं ने मांग की है कि मंदिर में सीढ़ियों पर छत बनाकर और नालियों की उचित सफाई करके समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
मंदिर अधिकारी संदीप चंदेल ने कहा कि निकासी नालियों का निर्माण करवाया गया है। बारिश अधिक होने के कारण बारिश का पानी सीढिय़ों पर बह रहा था। मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में बारिश के बीच दर्शन करके आते श्रद्धालु। संवाद