हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए वीडियो अपलोड करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में सदर थाना हमीरपुर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वीडियो में एक विशेष समुदाय के खिलाफ भी कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है।
शिवनगर निवासी विश्व शामा ने शिकायत में आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो अपलोड कर मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। साथ ही वीडियो में उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीडियो की सत्यता, सोशल मीडिया अकाउंट के संचालन और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
एसपी बलवीर सिंह ने मामले में एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।