हमीरपुर। जिलेभर के छह शिक्षा खंडों में मिड-डे मील को अधिक पौष्टिक बनाने के लिए अब न्यूट्रिशन गार्डन (पोषण वाटिकाओं) का निरीक्षण किया जाएगा। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय की टीम स्कूलों में पहुंचकर मध्याह्न भोजन, खाद्य सामग्री और पोषण वाटिकाओं की स्थिति जांचेगी।
टीम वाटिकाओं में उगाई जा रही मौसमी सब्जियों और उनके रखरखाव का भी जायजा लेगी। बरसात की छुट्टियों के बाद इनका निरीक्षण नहीं हो पाया था। निदेशालय ने स्कूलों को मौसम के अनुसार सब्जियां उगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों को पौष्टिक और संतुलित आहार मिल सके।
कुल्लू में मिड-डे मील के बाद विद्यार्थियों के बीमार होने की घटना के बाद विभाग ने भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई है। निरीक्षण में कमी मिलने पर सुधार के निर्देश दिए जाएंगे, जबकि बेहतर पोषण वाटिका संचालित करने वाले स्कूलों की गतिविधियों को अन्य स्कूलों में अपनाने पर जोर रहेगा।
कोट
विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित मध्याह्न भोजन उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। पोषण वाटिकाओं के नियमित निरीक्षण के साथ खाद्य सामग्री और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की भी जांच की जाएगी।
-कमल किशोर, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर