हमीरपुर। जिले के तीन विकास खंडों में 23 से 25 मार्च तक एक साथ 300 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रशिक्षण लेंगी। कार्यकर्ताओं को पोषण भी पढ़ाई भी योजना के तहत बिझड़ी, भोरंज और नादौन में विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे।
इसमें उन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन से पांच वर्ष तक के बच्चों को पौष्टिक भोजन के साथ खेल-आधारित शिक्षा प्रदान करने, शिक्षण अधिगम सामग्री के प्रभावी उपयोग और इसके माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में सिखाने के विभिन्न तरीकों और बच्चों के समग्र मानसिक एवं शारीरिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएगी।
पोषण भी पढ़ाई भी कार्यक्रम भारत सरकार (महिला एवं बाल विकास मंत्रालय) की ओर से 2023 में शुरू की गई एक प्रमुख पहल है, जो छह वर्ष से कम उम्र के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पोषण और शिक्षा को जोड़ती है। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को प्री-स्कूल शिक्षा हब के रूप में विकसित करना है, जहां पौष्टिक भोजन के साथ खेल-आधारित शिक्षा दी जाए।
कोट
तीन विकास खंडों में पोषण भी पढ़ाई भी विषय पर कार्यशाला होगी। कार्यशाला को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कार्यशाला में प्रत्येक ब्लॉक से 100-100 महिलाएं भाग लेंगी। -अनिल कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी